फ़ॉलोअर

बुधवार, 26 सितंबर 2012

गहन ब्रह्मांड में ‘वॉयेजर’


रात के आसमान में किसी सबसे छोटे और सबसे धुंधले सितारे को देखने की कोशिश कीजिए, वॉयेजर-1 के कैमरे से हमारा सूरज बिल्कुल वैसा ही नजर आता है। वॉयेजर-1 का सफर किसी खास सितारे की ओर नहीं है, लेकिन फिरभी करीब 40,000 साल बाद ये 1.6 प्रकाशवर्ष दूर मौजूद सितारे AC + 793888 (ये उस सितारे का वैज्ञानिक कोड है) के करीब से गुजरेगा। इस सितारे की खास बात ये है कि ये 4,30,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हमारे सौरमंडल की ओर बढ़ा चला आ रहा है। वॉयेजर-1 की रफ्तार अब 61400 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच चुकी है और इस रफ्तार से ये 74,438 साल में सूरज से सबसे करीब के सितारे प्रॉक्सिमा सेंटौरी को भी पार कर जाएगा। सैद्धांतिक रूप से प्रकाश की गति यानि 300,000 किलोमीटर प्रति सेकेंड की रफ्तार हासिल करने में वॉयेजर-1 को अभी 17522 साल और लगेंगे। डीप स्पेस नेटवर्क में बैठे वैज्ञानिकों और वॉयेजर-1 के बीच संपर्क बनाए रखने का काम रेडियो सिगनल्स करते हैं जो प्रकाश की गति से चलते हैं। सौरमंडल को पीछे छोड़ गहन अंतरिक्ष में प्रवेश कर चुका वॉयेजर-1 मानव निर्मित ऐसा अकेला स्पेस प्रोब है जो धरती से सबसे दूर यानि पृथ्वी से 17 अरब 96 करोड़ किलोमीटर से भी दूर जा चुका है।

मिशन का मकसद

70 के दशक के अंत में एक अदभुत खगोलीय घटना घटी। बृहस्पति, शनि, यूरेनस और नेप्च्यून ऐसी विशेष स्थिति में आ रहे थे कि किसी एक स्पेसक्राफ्ट की मदद से एक के बाद एक इन चारों ग्रहों के करीब से होकर गुजरा जा सकता था। इस तरह किसी ग्रह के करीब से गुजर जाने को विज्ञान की भाषा में फ्लाई-बाई कहते हैं। सौरमंडल के ग्रहों की ये स्थिति हर 177 साल बाद बनती है। नासा की जेट प्रोपल्शन लैब के एयरोस्पेस इंजीनियर गैरी फ्लैंड्रो ने ग्रहों की बन रही इस खास स्थिति का अध्ययन कर एक अनोखी बात खोज निकाली। गैरी ने गणित की मदद से समझाया कि अगर कोई स्पेसक्राफ्ट एक खास कोण से बृहस्पति के करीब से गुजरता है तो इस ग्रह का गुरुत्वाकर्षण खिंचाव उसे एक ऐसी जबरदस्त अतिरिक्त उछाल दे देगा, जिससे वो स्पेसक्राफ्ट बिना ईंधन खर्च किए सीधे शनि तक जा पहुंचेगा। ब्रहस्पति की तरह शनि के गुरुत्वाकर्षण से मिली अतिरिक्त उछाल से उसे आगे के ग्रह यूरेनस और नेपच्यून और उससे भी आगे जाना मुमकिन है। ये बिल्कुल नया विचार था, बेहद कम ईंधन खर्च करके केवल गुरुत्वाकर्षण की उछाल का इस्तेमाल करके अंतरिक्ष में दूर-दराज का सफर मुमकिन था। फौरन नासा ने एक ग्रांड टूर की योजना बनाई जिसके तहत बृहस्पति, शनि और उससे आगे नेप्च्यून, प्लूटो तक अलग-अलग जुड़वा स्पेसक्राफ्ट भेजे जाने थे। लेकिन इस ग्रांड टूर योजना का बड़ा हिस्सा रद्द हो गया, क्योंकि अमेरिकी कांग्रेस ने इतना फंड देने से इनकार कर दिया। केवल इतनी मंजूरी मिल पाई कि बस दो स्पेस प्रोब भेजे जाएं। इस तरह नासा ने वॉयेजर मिशन पर काम शुरू किया, जिसके तहत दो प्रोब वॉयेजर-1 और वॉयेजर-2 बृहस्पति और शनि को भेजे जाने थे।

जुड़वां मिशन

1977 में इन जुड़वा स्पेस प्रोब्स में वॉयेजर-2 को पहले लांच किया गया। ग्रहों की अनोखी स्थिति को ध्यान में रखते हुए वॉयेजर-2 का प्रक्षेपण ऐसे खास कोण पर किया गया ताकि ये बृहस्पति, शनि, यूरेनस और नेप्च्यून तक पहुंच सके। वॉयेजर-1 की लांचिंग इसके जुड़वा प्रोब के कुछ दिन बाद हुई, लेकिन इसका प्रक्षेपण पथ छोटा और तेज रखा गया, ताकि ये बृहस्पति और शनि पर वॉयेजर-2 से पहले पहुंच सके। वॉयेजर-1 को उच्च प्राथमिकता दी गई, क्योंकि इसे शनि के एक खास चंद्रमा टाइटन के भी बेहद करीब से गुजरकर उसके वायुमंडल का अध्ययन भी करना था। 19 दिसंबर 1977 को वॉयेजर-2 को पीछे छोड़ते हुए वॉयेजर-1 उससे आगे निकल गया। 14 जून 2012 को नासा ने बताया कि वॉयेजर-1 अब सौरमंडल के अंतिम छोर से भी आगे निकलकर गहन अंतरिक्ष में लगातार आगे बढ़ता चला जा रहा है। वॉयेजर-1 और इसका जुड़वां स्पेसक्राफ्ट वॉयेजर-2 दोनों दो अलग-अलग दिशाओं में एक-दूसरे से दूर चले जा रहे हैं और वॉयेजर-1 की रफ्तार वॉयेजर-2 की तुलना में 10 प्रतिशत ज्यादा है। दोनों की बीच की दूरी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पृथ्वी के कानडीप स्पेस नेटवर्क को वॉयेजर-1 से डेटा लेने के बाद वॉयेजर-2 को सुनने में 16.5 घंटे का समय लग जाता है।     
722 किलो वजनी स्पेसक्राफ्ट वॉयेजर-1 हेलियोस्फियर यानि सूर्यकिरणों की पहुंच की सीमा वाले अंतरिक्ष के इलाके को पीछे छोड़कर हेलियोशीथ यानि गहन ब्रह्मांड में प्रवेश कर चुका है। वॉयेजर-1 जल्दी ही इंटरस्टेलर स्पेस यानि अंतरिक्ष में दो सितारों के बीच के इलाके में प्रवेश करने वाला है और इसी के साथ वॉयेजर-1 हमारे सौरमंडल से भी आगे निकल जाने वाला पहला मानव निर्मित स्पेसक्राफ्ट बन जाएगा।  

मानवता का दूत - वॉयेजर


वॉयेजर जब लांच किया गया वो जमाना ग्रामोफोन और उनके एलपी रेकार्ड्स का था। वॉयेजर को बृहस्पति और शनि की दुनिया में झांकते हुए और भी आगे का सफर तय करना था, ऐसे में स्पेस मिशन्स के प्रति लोगों की दिलचस्पी बढ़ाने और वॉयेजर मिशन को मानवता का अग्रदूत बना देने के लिए महान एस्ट्रोफिजिसिस्ट डॉ. कार्ल सगान ने दोनों वॉयेजर स्पेसक्राफ्ट्स में सोने से बना एक खास एलपी रेकार्ड रखवाया। इस रेकार्ड का मकसद ये था कि अगर वॉयेजर स्पेसक्राफ्ट कभी किसी अनजान सभ्यता या फिर भविष्य के मानवों के संपर्क में आता है तो उन्हें पृथ्वी पर मौजूद जीवन के हजारों स्वरूपों और सांस्कृतिक विविधता का परिचय मिल सके।
दोनों वॉयेजर प्रोब्स के साथ भेजे जाने वाले इस सोने के रेकार्ड में क्या-क्या चीजें संग्रहीत की जाएं इसका चयन नासा की एक समिति ने किया खुद डॉ. कार्ल सगान जिसके अध्यक्ष थे। डॉ. सगान और उनके सहयोगियों ने दुनिया की करीब हर सभ्यता का परिचय देती हुई 116 तस्वीरें जमा कीं, इनमें ब्लैक एंड व्हाइट और रंगीन दोनों ही शामिल हैं। इनमें से कुछ तस्वीरें वैज्ञानिक महत्व की हैं, इनमें गणित और भौतिकी के फॉर्मूले, सौरमंडल और मानव डीएनए, गर्भ में बच्चे को सहेजे एक मां और एक पुरुष के रेखाचित्र, बच्चे को दूध पिलाती मां, खाते-पीते हुए लोग और इतना ही नहीं कोलकाता में लगा एक ट्रैफिक जाम, ताजमहल और चीन की दीवार की तस्वीरें भी इस रेकार्ड के लिए चुनी गईं। सागर की उफनती लहरों, बहती हुई हवा, कड़कती हुई बिजली, पक्षियों का चहचहाना, व्हेल का खास गीत, धड़धड़ाती गुजरती रेलगाड़ी जैसी कई आवाजें रेकार्ड की गईं। दुनियाभर की 55 भाषाओं में परग्रहीय सभ्यता के लोगों के नाम शुभकामना संदेश भी रेकार्ड किए गए। इसमें हिंदी समेत गुजराती, राजस्थानी, उर्दू, तमिल और कन्नड़ जैसी भारतीय भाषाएं भी शामिल हैं। विश्व के सार्वकालिक महानतम संगीतकारों और गायकों की संगीत रचनाएं भी शामिल की गईं। हमारे लिए गर्व की बात ये है कि वॉयेजर के इस गोल्डेन रेकार्ड में विश्व के महान संगीतकारों बीथोवन, गुआन पिंघु, मोजार्ट, स्ट्राविंस्की, नेत्रहीन विली जॉनसन और चक बेरी जैसे श्रेष्ठ संगीतकारों के साथ महान भारतीय गायिका केसरबाई केरकर का शास्त्रीय गायन भी शामिल किया गया। इसके अलावा इस रेकार्ड में तात्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर और संयुक्तराष्ट्र महासचिव कर्ट वाल्धीम का संदेश भी शामिल किया गया। अंतरिक्ष के विस्तार के सामने वॉयेजर स्पेसक्राफ्ट्स का आकार काफी छोटा है, इसलिए इस बात की संभावना काफी कम है कि वॉयेजर की मुलाकात किसी परग्रहीय बौद्धिक सभ्यता से कभी होगी, और अगर ये मुलाकात हो भी जाए तो उस अनजान सभ्यता के लोग इस गोल्डेन रेकार्ड को प्ले करके पृथ्वी के जीवन और सांस्कृतिक विविधता की झलक पा सकेगा। डॉ. कार्ल सगान ने इसके बारे में लिखा है, किसी अनजान सभ्यता से वॉयेजर की मुलाकात हो और वो लोग हमारे गोल्डेन रेकार्ड को प्ले करके सुनें, ऐसा केवल तभी मुमकिन है, जब इस अनंत अंतरिक्ष में भ्रमण करने वाली परग्रहीय बौद्धिक सभ्यताओं का अस्तित्व वाकई में हो। मानवता के इस संदेश को वॉयेजर की बोतल में बंद कर अंतरिक्ष के महासमुद्र में प्रवाहित करने का काम भी इस ग्रह के जीवन के बारे में एक नई उम्मीद जगाता है। इसलिए सबसे अच्छा ये है कि वॉयेजर के इस रेकार्ड को किसी परग्रहीय बौद्धिक सभ्यता से संपर्क की कोशिश समझने के बजाय इसे एक टाइम कैप्स्यूल या फिर मानव सभ्यता का एक प्रतीकात्मक वक्तव्य समझा जाए।

मंगलवार, 11 सितंबर 2012

'पेल ब्लू डॉट....'


नासा ने खबर दी है कि 35 साल पहले अंतरिक्ष के सफर पर निकला स्पेसक्राफ्ट ‘वॉयेजर-1’ अब पृथ्वी से 17 अरब 96 करोड़ किलोमीटर से भी दूर जा चुका है। सौरमंडल को पीछे छोड़ गहन अंतरिक्ष में प्रवेश कर चुका ‘वॉयेजर-1’ मानव निर्मित ऐसा अकेला स्पेस प्रोब है जो धरती से सबसे दूर मौजूद है। 1990 में वॉयेजर-1 ने अपना प्राथमिक मिशन पूरा कर लिया था और सौरमंडल से बाहर जाने की तैयारी में था, ऐसे में डॉ. कार्ल सगान के अनुरोध पर नासा ने वॉयेजर-1 का कैमरा पृथ्वी की ओर मोड़ा और पृथ्वी की एक अनोखी तस्वीर ली। वॉयेजर-1 तब धरती से 6 अरब किलोमीटर दूर था और इस रिकार्ड दूरी से अंतरिक्ष के काले महासागर में पृथ्वी एक चमकीले नीले बिंदु की तरह नजर आ रही थी। 6 अरब किलोमीटर की दूरी से ली गई ये पृथ्वी की पहली और अंतिम तस्वीर है। डॉ. कार्ल सगान ने इस तस्वीर को देखा तो वो आध्यात्मिक-दार्शनिक विचारों से भर उठे और उन्होंने इस तस्वीर का नाम रखा ‘पेल ब्लू डॉट’ यानि गहरा नीला बिंदु। इस नाम का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने 1994 में प्रकाशित अपनी किताब का शीर्षक रखा – पेल ब्लू डॉट : ए विजन ऑफ द ह्युमन फ्युचर इन स्पेस। इस किताब में महान एस्ट्रोनॉमर डॉ. कार्ल सगान ने वॉयेजर-1 के कैमरे से ली गई पृथ्वी की इस तस्वीर पर अपने विचार गहराई से व्यक्त किए हैं, वो लिखते हैं –
अंतरिक्ष की इस गहनतम दूरी (6 अरब किलोमीटर) से पृथ्वी शायद कोई खास दिलचस्पी की चीज न लगे। लेकिन हमारे लिए, इसके मायने बिल्कुल अलग हैं। इस तस्वीर में नजर आ रहे इस नीले बिंदु को दोबारा देखिए। ये वहां है। ये हमारा घर है। ये हम हैं। हर वो शख्स जिससे हम मोहब्बत करते हैं, हर वो व्यक्ति जिसे हम जानते हैं, वो हर कोई जिसके बारे में आपने सुना है, वो हर इंसान जो कभी था, उन सबने इसी नीले बिंदु में अपनी उम्र गुजार दी। हमारी सारी खुशियां और तमाम दुख-मुसीबतें, विश्वास से भरे हजारों धर्म, मान्यताएं और आर्थिक नीतियां, हरेक शिकारी और शिकार, प्रत्येक हीरो और कायर, सभ्यताओं को जन्म देने वाला हरेक निर्माता और उन्हें नेस्त-नाबूद कर डालने वाला हरेक हमलावर, हर राजा और उनके गुलाम, प्रेम में डूबे सभी प्रेमी और प्रेमिकाएं, हरेक मां और हरेक पिता, उम्मीदों से भरा हरेक बच्चा, सभी अविष्कारक और खोजी, नैतिकता का पाठ पढ़ाने वाला प्रत्येक शिक्षक, भ्रष्टाचार में डूबा हरेक राजनेता, हरेक सुपरस्टार, सभी महान लीडर, हरेक साधु और पापी जिनसे मानव सभ्यता के इतिहास के पन्ने भरे हैं, वो सभी सूरज की किरण में तैर रहे धूल के एक कण जैसे नजर आ रहे इस नीले बिंदु में ही जीये और फना हो गए। इस अनंत ब्रह्मांड में पृथ्वी की हैसियत नगण्य है। अब उन सभी बर्बर हमलावरों और जनरल्स के बारे में सोंचिए, जिन्होंने इस बिंदु के सूक्ष्म से हिस्से पर कब्जे की हवस में इंसानियत को शर्मिंदा किया और खून की नदियां बहा डालीं। उस खौफनाक अत्याचार को याद कीजिए जो इस बिंदु के एक सिरे के लोगों ने दूसरे सिरे के लोगों पर किए (यहां डॉ. कार्ल सगान द्वितीय विश्व युद्ध की बात कर रहे हैं)। वो एक-दूसरे के प्रति किस तरह नासमझी से भरे हुए थे, वो एक-दूसरे को मार डालने के लिए कितने उतावले थे, एक-दूसरे के लिए उनकी नफरत कितनी गहरी थी। तमाम तड़क-भड़क और दिखावा, हमारा छिछला अहंकार, ये भ्रम कि ब्रह्मांड में हमें एक विशेष दर्जा हासिल है, इन सब बातों को इस तस्वीर में नजर आ रही नीले रंग की ये बिंदु चुनौती दे रही है। ब्रह्मांड के इस गहन अंधकार में हमारा ग्रह एक अकेले भटकते धूलकण के जैसा है। इस अनंत विस्तार में ऐसा कोई इशारा तक नहीं मिलता कि हमें खुद से ही बचाने के लिए कहीं से कोई मदद आएगी। अब तक पृथ्वी ही केवल ऐसी जगह है, जहां जिंदगी फल-फूल रही है। कम से कम निकट भविष्य में भी ऐसी कोई दूसरी जगह नहीं है, जहां हमारी मानव जाति रहने के लिए जा सके। हां, हम धरती से बाहर कुछ जगहों पर गए जरूर हैं, लेकिन अब तक हम कहीं बस नहीं सके हैं। अब आप इसे पसंद करें, या न करें, लेकिन इस वक्त तो पृथ्वी ही वो जगह है, जहां हम मौजूद हैं, जिंदगी आबाद है। ये कहा जाता है कि एस्ट्रोनॉमी या खगोल विज्ञान विनय प्रदान करने वाला और चरित्र निर्माण करने वाला अनुभव देता है। मानव अहंकार में निहित अज्ञानता को साबित करने के लिए संभवत: इस तस्वीर से बेहतर कोई दूसरा प्रदर्शऩ नहीं हो सकता।
मेरे विचार से, ये तस्वीर हमारी इस जिम्मेदारी को रेखांकित करती है कि हमें एक-दूसरे के प्रति कहीं अधिक नरमी और सहनशीलता के साथ पेश आना चाहिए, ताकि हम इस गहरे नीले बिंदु को, जो कि जिंदगी का एक अकेला घर है, इसे संरक्षित करने के साथ जीने के लायक बनाए रख सकें।

गुरुवार, 6 सितंबर 2012

मंगल ग्रह पर जीवन की खोज


क्या बुध और शुक्र की तरह मंगल ग्रह भी बेजान है? या फिर धरती की तरह वहां भी जीवन का विकास हुआ और जिंदगी की धड़कन अब भी वहां गूंज रही है? ये सवाल विज्ञान की बड़ी गुत्थियों में से एक है। नासा का मार्स साइंस लैबोरेटरी मिशन इस गुत्थी को हल करने की दिशा में हमारी सबसे बड़ी पहल है। मार्स साइंस लैबोरेटरी मिशन जो क्यूरियोसिटी के नाम से भी लोकप्रिय है मंगल ग्रह पर सफलतापूर्वक लैंड करने के बाद मंगल की मिट्टी में जीवन की तलाश के अपने अभियान की शुरुआत कर दी है।
ऐसा नहीं है कि हरे रंग का कोई छोटा अजनबी मंगलवासी उत्सुकता में भरकर बस के आकार वाले हमारे रोबोट से हैलो कहने के लिए अपने किसी बिल से निकलकर सामने आ खड़ा होगा और ऐसा भी नहीं है कि क्यूरियोसिटी जब मंगल की मिट्टी के सैंपल लेगा तो उसमें केंचुए जैसे मंगल के जीव खोज लिए जाएंगे। तो फिर आखिर हम मंगल पर क्या खोज रहे हैं?  क्यूरियोसिटी का लक्ष्य क्या है? और किस चीज के मिलने की उम्मीद  में हम मंगल की मिट्टी खंगाल रहे हैं?
नासा के नए मिशन मार्स साइंस लैबोरेटरी या क्यूरियोसिटी के साथ हम मंगल की मिट्टी में ऑर्गेनिक यानि कार्बनिक यौगिकों को खोज रहे हैं, जो उस लाल ग्रह पर हमारी पृथ्वी के जैसे जीवन या बैक्टीरिया जैसे उसके शुरुआती स्वरूप की मौजूदगी का सबसे बड़ा सबूत होगा। मंगल ग्रह पर जीवन के खोए सूत्रों की पहचान ही करीब एक टन की इस सबसे आधुनिक रोबोटिक लैबोरेटरी का लक्ष्य है। और हमें उम्मीद है कि मंगल की मिट्टी में हमें जीवन के कुछ ऐसे निशान मिल सकते हैं, जो शायद जीव विज्ञान के हमारे अब तक के ज्ञान से बाहर हों।
36 साल पहले मंगल ने पृथ्वी वासियों को बुरी तरह चौंकाया था। नासा का ऑरबिटर मिशन वाइकिंग-1 अपने बाद लांच किए जाने वाले लैंडर मिशऩ वाइकिंग-2 को लैंड कराने के लिए मंगल पर सही जगह की तलाश कर रहा था। तभी वो मंगल के साइडोनिया इलाके के ऊपर से गुजरा, वाइकिंग-1 ने वहां की एक ऐसी तस्वीर भेजी कि नासा वैज्ञानिकों के साथ सारी दुनिया चौंक उठी । मंगल की जमीन से एक विशाल इंसानी चेहरा आसमान की ओर देख रहा था। ये भावशून्य मानव चेहरा मंगल की जमीन पर दो मील के दायरे में फैला था। क्या मंगल ग्रह इस चेहरे के जरिए हम पृथ्वीवासियों को कोई संदेश दे रहा था?  मंगल पर मानव चेहरे की सनसनी ज्यादा वक्त तक कायम नहीं रह सकी, क्योंकि वैज्ञानिकों ने बाद में बताया कि ये मानव चेहरा मंगल का एक पठार है जो डूबते सूरज के साथ धूप-छांव के खेल की वजह से मानव चेहरे जैसा आभास दे रहा है। सनसनी भले ही खत्म हो गई ,लेकिन वाइकिंग-1 की ये तस्वीर, मंगल पर जीवन की तलाश का प्रतीक बन गई।

मंगल से आई उल्काएं

प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के 9 साल बाद का वक्त, अंग्रेज भारत पर अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे थे। उथल-पुथल से भरे राजनीतिक-सामाजिक हालात के बीच भारत के बिहार में गया जिले के करीब एक छोटे से कस्बे शेरघाटी में कुछ ऐसा हुआ कि वो उस वक्त के वैज्ञानिकों के बीच चर्चा का विषय बन गया। 25 अगस्त 1865 की एक शाम, शेरघाटी के आसमान पर गहरे बादल छाए थे और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी था, कि तभी तेज आवाज के साथ पूरा कस्बा कांप उठा, आवाज भी ऐसी मानो किसी ने आसमान चीर दिया हो। घबराए हुए लोग भागकर घर से बाहर आ गए और सैकड़ों निगाहें आसमान की ओर उठ गईं। लपटों से घिरा एक दहकता हुआ अग्निपिंड क्षितिज के एक ओर से दूसरी ओर बढ़ा चला जा रहा था। पुलिस की मदद लेकर कुछ हिम्मतवाले लोग सामने खेतों में उस जगह की ओर दौड़े जहां वो पिंड गिरा था। आसमान से एक बड़ी उल्का गिरी थी, जिसका वजन 5 किलो था, पुलिस ने उसे तुरंत कब्जे में लेकर कलेक्टर साहब को भिजवा दिया, जहां से वो उल्कापिंड लंदन पहुंचकर लंबे वक्त तक ब्रिटिश म्यूजियम की शोभा बढ़ाता रहा। वक्त बदला और विज्ञान की प्रगति के साथ वैज्ञानिकों की दिलचस्पी उस शेरघाटी उल्का में बढ़ी। आधुनिक युग में बकायदा उसकी रेडियोमीट्रिक डेटिंग वैज्ञानिक जांच की गई, तो पता चला कि इसका जन्म 4 अरब 10 करोड़ साल पहले मंगल ग्रह पर किसी ज्वालामुखी के लावे से हुआ था। मंगल ग्रह पर किसी विशाल उल्का के गिरने से उठी धूल और पथरीले मलबे के गुबार के साथ ये पत्थर भी मंगल ग्रह से छिटक कर संयोग से पृथ्वी, वो भी भारत के कस्बे शेरघाटी में आ गिरा था। पृथ्वी पर हमें मिली ये मंगल की सबसे पुरानी उल्का है। शेरघाटी उल्का की हाल की जांच से पता चला है कि इसमें कुछ ऐसे रासायनिक तत्व हैं जिनका संबंध किसी खास बैक्टीरिया से हो सकता है।
मंगल ग्रह से छिटके ऐसे पत्थरों के 34 नमूने अमेरिकन स्पेस एजेंसी नासा के पास सुरक्षित हैं। मंगल ग्रह से पत्थरों का छिटककर धरती पर आ गिरना कुदरत का दुर्लभ संयोग है और विज्ञान विशेषतौर पर मंगल ग्रह के अध्ययन के लिए ये नमूने किसी बेशकीमती खजाने से कम नहीं। ऐसी ही एक उल्का दिसंबर 1984 को अंटार्कटिक में वैज्ञानिकों की एक टीम को मिली थी। जब इसकी जांच की गई तो पता लगा कि ये उल्का करीब दो करोड़ साल पहले मंगल ग्रह से आई थी और खोजे जाने से पहले, यानि 11,000 साल तक अंटार्कटिक का बर्फ में पड़ी रही थी। इस उल्का का नाम रखा गया ALH84001 , नासा की लैब में जब इसकी जांच की गई तो इसमें एक खास तत्व मैगनेटाइट मिला, धरती पर कुछ खास बैक्टीरिया ही इस खास तत्व को बनाते हैं। जब इस उल्का को काटा गया तो इसमें एक ही आकार के ऐसे सूक्ष्म क्रिस्टल्स की लड़ी सी सजी मिली जो सीधे-सीधे किसी बैक्टीरिया की ओर इशारा कर रही थी। तो क्या मंगल ग्रह पर जीवन बैक्टीरिया के रूप में मौजूद है? इस सवाल की सनसनी पूरे विज्ञान जगत में महसूस की गई। नवंबर 2009 को नासा वैज्ञानिकों ने बताया कि अंटार्कटिक में मिली उल्का ALH84001 के सूक्ष्म जांच के बाद हम कह सकते हैं कि मंगल ग्रह पर कभी जीवन मौजूद था।
 
मंगल पर खोई जिंदगी की कड़ियां

जीने के क्रम में हर जीव रोज कचरा निकालता है, निर्जीव चीजें कचरा नहीं निकालतीं। जीवन का हर स्वरूप यहां तक कि बैक्टीरिया भी कचरे के रूप में कुछ ऐसे खास रसायन पीछे छोड़ता है, जो जीवन की तलाश में सूत्र का काम करते हैं। मंगल पर जिंदगी के कचरे, जीवन के इन्हीं खोए सूत्रों की तलाश ही क्यूरियोसिटी का मिशन है। अब तक हम जीवन के उस स्वरूप से ही परिचित हैं, जिसे हमने अपने चारोंओर, इस पृथ्वी के जल, थल और नभ में विचरते देखा है। धरती के भीतर बैक्टीरिया के रूप से लेकर पेड़-पौधे और सकल जीव जगत तक जिंदगी का हर रूप प्रमुख तौर पर केवल 4 तत्वों - हाइड्रोजन, ऑक्सीजन, नाइट्रोजन और कार्बन से संयोग से ही बना है। पृथ्वी पर निर्जीव और सजीव के साथ ये संपूर्ण सृष्टि केवल दो यौगिकों के रूप में हमारे सामने है, पहली इनऑर्गेनिक यानि अकार्बनिक यौगिक और दूसरी ऑर्गेनिक यानि कार्बनिक यौगिक। इनऑर्गेनिक यानि अकार्बनिक यौगिक का मतलब ऐसी चीजों से है जो कार्बन से नहीं बनीं, यानि जो जलने पर कोयले में नहीं बदल जातीं। ऑर्गेनिक यानि कार्बनिक यौगिक का अर्थ ऐसी सभी चीजों से है जो कार्बन से बनीं हैं और जलने पर वापस कार्बन यानि कोयले में बदल जाती हैं। इस धरती पर बैक्टीरिया से लेकर पेड़-पौधे और मछली, पंछी, मानव तक जिंदगी का हर स्वरूप कार्बन से बना है। हम पृथ्वी पर जिंदगी के जिन स्वरूपों से परिचित हैं वो सभी ऑर्गेनिक यानि कार्बनिक हैं।

मंगल पर जिंदगी की खोज

मंगल पर जिंदगी के इसी जाने-पहचाने ऑर्गेनिक स्वरूप की खोज की कहानी शुरू होती है 1976 से जब नासा के वाइकिंग-2 मिशन ने मंगल ग्रह पर लैंड कर उसकी मिट्टी के नमूने पहली बार जांचे थे। वाइकिंग-2 ने अपनी  रोबोटिक आर्म के सिरे पर बनी चम्मच जैसी संरचना से मंगल की मिट्टी का नमूना उठाया और उसे अपने टेस्ट चैंबर में मौजूद कार्बन-14 न्यूट्रिएंट्स के साथ मिलाया। नासा के कंट्रोल रूम में मौजूद वैज्ञानिकों की टीम करोड़ों किलोमीटर दूर मंगल ग्रह पर हो रहे इस प्रयोग को दम साधे देख रही थी। वैज्ञानिकों की इस टीम में गिल्बर्ट लेविन भी मौजूद थे, लेविन और उनकी टीम ने मंगल पर जीवन की खोज करने वाले इस प्रयोग के उपकरणों को बनाया था, जिसे वाइकिंग अब मंगल पर आजमा रहा था। सबको इंतजार था वाइकिंग के नतीजों का।
वाइकिंग ने मंगल की मिट्टी के नमूने के परीक्षण का नतीजा नासा कंट्रोल रूम को भेजना शुरू किया और अगले ही पल गिल्बर्ट लेविन और उनकी टीम खुशी में भरकर चीख उठी और तमाम वैज्ञानिक अपनी सीटों से उठकर तालियां बजाने लगे। वाइकिंग बता रहा था कि उसने मंगल की मिट्टी से फूटती मीथेन गैस खोजी है। मंगल पर जिंदगी की तलाश की ये पहली कोशिश थी जिसका नतीजा पॉजिटिव था। मंगल पर मीथेन गैस का मिलना सीधे-सीधे इस ओर इशारा था कि वहां इस गैस को बनाने वाले बैक्टीरिया मौजूद हैं। वाइकिंग पर लगे गिल्बर्ट लेविन के उपकरणों ने शानदार काम किया था। मंगल पर जिंदगी की खोज के लिए इस खास प्रयोग की रूपरेखा तय करने वाले और महान एस्ट्रोफिजिसिस्ट डॉ. कार्ल सगान ने मंगल ग्रह पर जिंदगी के रासायनिक हस्ताक्षर की पहली खोज के लिए फोन करके गिल्बर्ट लेविन और उनकी टीम को बधाई दी।
खुशी में झूम रहे लेविन ने शैम्पेन मंगवाई, लेकिन वो बोतल खोली नहीं जा सकी, अगले ही पल सबके चेहरों के भाव बदल गए और कंट्रोल रूम में ठंडी खामोशी छा गई। क्योंकि वाइकिंग अब दूसरे उपकरण से परीक्षण के नतीजे भेज रहा था, जिसे मंगल पर ऑर्गेनिक कणों यानि कार्बन या उसके यौगिकों की पहचान करने के लिए वाइकिंग पर लगाया गया था। सबको यकीन था कि मीथेन की खोज के बाद मंगल की मिट्टी में ऑर्गेनिक यानि कार्बनिक यौगिक जरूर मिल जाएंगे, जो मंगल पर जीवन की मौजूदगी का सबसे बड़ा सबूत साबित होंगे। लेकिन वाइकिंग के दूसरे उपकरण के परीक्षण नतीजे निगेटिव थे। वाइकिंग के उपकरण मंगल की मिट्टी के नमूने में कार्बनिक यौगिकों यानि ऑर्गेनिक कंपाउंड्स को नहीं खोज सके। कार्बन नहीं तो जिंदगी भी नहीं। उस वक्त के नासा प्रमुख ने बयान जारी कर कहा कि वाइकिंग ने मंगल की मिट्टी का परीक्षण किया और वहां हमें जिंदगी का कोई निशान नहीं मिला।
 तो क्या गिल्बर्ट लेविन के उपकरणों के नतीजे गलत थे? 36 साल बाद अब भी गिल्बर्ट लेविन ये मानने को तैयार नहीं हैं। वाइकिंग मिशन के उस परीक्षण ने उनकी जिंदगी ही बदल कर रख दी। वाइकिंग पर लगे अपने उपकरणों के नतीजों को सही साबित करना और हर मंच पर पूरी जोरदारी के साथ ये कहना कि मंगल ग्रह पर जिंदगी मौजूद है, उनकी जिंदगी का लक्ष्य बन गया है। गिल्बर्ट मंगल पर जीवन के जिस रूप के मौजूद होने की वकालत कर रहे हैं, वैज्ञानिकों ने उसका नामकरण भी उनके नाम पर करते हुएगिलेविनिया स्ट्राटा रख दिया है। गिलेविनिया स्ट्राटा मीथेन बनाने वाला मंगल ग्रह का एक ऐसा बैक्टीरिया है, जिसपर गिल्बर्ट लेविन को तो यकीन है, लेकिन नासा को अभी उसकी खोज करनी बाकी है। 
मंगल पर नासा का नया मिशन मार्स साइंस लैबोरेटरी या क्यूरियोसिटी के लैंड होते ही गिल्बर्ट एक बार फिर सक्रिय हो उठे हैं। वो हर मंच पर पूरे यकीन के साथ कह रहे हैं कि क्यूरियोसिटी उन्हीं नतीजों की एक बार फिर पुष्टि करेगा जो वाइकिंग मिशन के साथ गए उनके उपकरणों ने 36 साल पहले भेजे थे। मंगल पर जीवन मौजूद है इस पर यकीन करने वाले गिल्बर्ट अकेले नहीं हैं, लॉस एंजिल्स की यूनिवर्सिटी आफ साउदर्न कैलीफोर्निया के सेल बायोलॉजिस्ट जो मिलर ने वाइकिंग के उस पुराने डेटा का फिर से विश्लेषण किया है और उनका मानना है कि मंगल की मिट्टी से फूटती मीथेन वहांसरकाडियन साइकिल यानि दिन और रात के चक्र पर आधारित जीव की ओर इशारा कर रही है, जिसका केवल एक ही मतलब है कि मंगल जिंदा है।
गिल्बर्ट नासा से मांग कर रहे हैं कि अगर क्यूरियोसिटी मंगल पर मीथेन खोज निकालती है तो 36 साल पुराने उनके वाइकिंग प्रयोग के डेटा की दोबारा जांच की जानी चाहिए। गिल्बर्ट कहते हैं, मंगल पर अब तक गए नासा के किसी भी मिशऩ ने वाइकिंग के मेरे प्रयोग के नतीजों का खंडन नहीं किया है। मुझे पूरा यकीन है कि मंगल की मिट्टी में ऑर्गेनिक यानि कार्बनिक यौगिक खोज निकालने में क्यूरियोसिटी कायमाब रहेगा। तब नासा को 36 साल पुराने वाइकिंग के नतीजों का फिर से विश्लेषण करना ही होगा।  
वॉशिंगटन में कार्नेगी इंस्टीट्यूट फार साइंस में भूवैज्ञानिक रॉबर्ट हैजेन कहते हैं, गिल्बर्ट के दावे आधारहीन नहीं हैं, वाइकिंग मिशऩ पर उनके उपकरणों के नतीजे चौंकानेवाले हैं, जिन्हें अब तक ठीक-ठीक समझने की कोशिश भी नहीं की गई है। वाइकिंग मिशन से पहले और काफी हद तक अब भी हम भोजन को पचाने वाले कार्बनिक जीवन को ही असली जिंदगी समझकर खोज रहे हैं। जबकि हो सकता है कि जीवन का एक अकार्बनिक रूप भी मौजूद हो।